संवाददाता रामजीत कुमार
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कर्मचारियों के बीच विद्युत फाल्ट ठीक करने के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से मातमपुर पावर हाउस में तैनात अवर अभियंता (जेई) दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि 22 जुलाई की रात जुनैदगंज चौराहे के आगे कोल्ड स्टोरेज के सामने 33 केवी लाइन का फाल्ट ठीक कराने के दौरान जुनैदगंज पावर हाउस के लाइनमैन वीरेन्द्र यादव ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और प्लास व पेचकस से हमला कर मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
वहीं दूसरे पक्ष से जुनैदगंज पावर हाउस के लाइनमैन वीरेन्द्र यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि धर्मकांटा के पास उपभोक्ता की लाइन ठीक करने के दौरान मातमपुर पावर हाउस के जेई दिलीप कुमार, लाइनमैन योगेन्द्र यादव, राम मिलन मौर्य तथा दो अन्य लोगों ने 33 केवी लाइन ठीक करने का दबाव बनाया। मना करने पर सभी ने रॉड, प्लास और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनके सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने भी आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment