मुंबई:मुंबई में छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों को कथित तौर पर झूठे मादक पदार्थ (ड्रग्स) के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगने के बाद मुंबई पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट (MT) विभाग के पुलिस चालक पवन सांगळे को निलंबित कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित रूप से पुलिसकर्मी छात्रों से अपमानजनक भाषा में बात करते हुए और उन्हें झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवन सांगळे को जांच पूरी होने तक निलंबित कर पुलिस नियंत्रण कक्ष में संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। वहीं, छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment