बार-बार कार्रवाई के बाद भी नहीं थमा खेल! रानी की सराय में फिर सील हुआ 'माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक




संवाददाता सलीम शेख 

आजमगढ़। जिले में अवैध अस्पतालों और बिना वैध पंजीकरण संचालित क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में रानी की सराय स्थित माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी क्लिनिक के खिलाफ पहले भी सरायमीर क्षेत्र में कार्रवाई हो चुकी है और एफआईआर तक दर्ज कराई जा चुकी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय के अधीक्षक कैप्टन डॉ. मनीष तिवारी ने क्लिनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालकों से वैध पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में क्लिनिक का संचालन डॉ. अंगद पाल द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद विभाग ने नियमानुसार तत्काल सीलिंग की कार्रवाई कर दी।
सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि माँ सर्वेश्वरी क्लिनिक का मामला पहले भी सरायमीर में सामने आ चुका है, जहां विभाग की कार्रवाई के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद रानी की सराय में उसी नाम से फिर से चिकित्सा प्रतिष्ठान संचालित किए जाने की सूचना मिली। जांच में अनियमितताएं मिलने पर दोबारा सख्त कार्रवाई की गई।
सीएमओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि केवल स्थान बदलकर या नाम के सहारे बिना वैध पंजीकरण अस्पताल या क्लिनिक चलाने की अनुमति किसी भी कीमत पर नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में विभाग सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अवैध अस्पतालों, क्लिनिकों और सोनोग्राफी केंद्रों को चिन्हित करें तथा शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डॉ. वर्मा ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना वैध पंजीकरण संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post