मुंबई: आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) के दूसरे वर्ष के मैटेरियल्स साइंस के छात्र सोहेल शांगवान, जो राजस्थान के रहने वाले थे, की पवई स्थित संस्थान के हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आत्महत्या की आशंका है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को मृत अवस्था में पाया। शुरुआती जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पवई पुलिस छात्र के सहपाठियों, हॉस्टल के अन्य छात्रों और संस्थान के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और जांच जारी है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment