टूटा बिजली का तार बना काल! करंट की चपेट में आकर भैंस की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप



पत्रकार अंजनी राय

लालगंज, आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरसेरवा में रविवार सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक पशुपालक परिवार पर भारी पड़ गई। गांव में अचानक टूटकर गिरे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, बरसेरवा गांव निवासी बिद्या प्रजापति पत्नी रामबिलास की भैंस रविवार सुबह लगभग छह बजे घर के पास बंधी थी। तभी ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार अचानक टूटकर भैंस पर गिर पड़ा। तेज करंट लगने से भैंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही के कारण ग्रामीणों में गहरा रोष है।
जब बिजली विभाग से कोई मदद नहीं मिली तो पीड़ित परिवार ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के जर्जर तार लंबे समय से खतरा बने हुए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने न तो तार बदले और न ही कोई स्थायी समाधान किया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा गांव के जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी इंसान या बेजुबान जानवर की जान इस तरह न जाए।
इस संबंध में बरदह फीडर के अवर अभियंता आतिश कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर दो बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे ग्रामीणों में बिजली विभाग के रवैये को लेकर नाराजगी और बढ़ गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post