मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की वरली यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर ड्रग तस्कर कामरान जावेद शेख उर्फ कामू पटेल उर्फ पटेल (39) को PIT-NDPS Act, 1988 के तहत एक वर्ष के लिए नासिक रोड केंद्रीय कारागार में निरुद्ध कर दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एमडी (मेफेड्रोन) और मेथामफेटामाइन की तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज हैं। सभी मामलों में जमानत मिलने के बावजूद वह लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा। इसके बाद मुंबई पुलिस आयुक्त के प्रस्ताव पर महाराष्ट्र गृह विभाग ने उसके विरुद्ध निरुद्धीकरण आदेश जारी किया, जिसकी तामील 17 जुलाई 2026 को कर उसे नासिक जेल भेज दिया गया।
एंटी नारकोटिक्स सेल ने बताया कि वर्ष 2026 में PIT-NDPS Act के तहत यह 11वीं निरुद्धीकरण कार्रवाई है। इससे पहले भी जमानत पर छूटकर दोबारा अपराध करने वाले 10 आरोपियों को इसी कानून के तहत निरुद्ध किया जा चुका है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस की नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की नीति का हिस्सा मानी जा रही है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment