स्कूल से घर लौटने की तैयारी में था अंश, तेज रफ्तार पिकअप ने छीनी जिंदगी; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में पसरा मातम





शाहजहाँपुर  हथौड़ा रेती रोड स्थित संजय सरस्वती स्कूल के कक्षा 9 के छात्र अंश त्रिवेदी (14) की सड़क दुर्घटना में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि अंश त्रिवेदी, स्वर्गीय राजेश त्रिवेदी का इकलौता पुत्र था और स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क किनारे अपनी स्कूल वैन का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार मिल्क पिकअप ने अंश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंश गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरा। मौके पर आनन फानन में विद्यालय के आचार्य बन्धुओ ने तत्काल उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सीता त्रिवेदी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पहले अंश के पिता का भी निधन हो चुका था। पिता की मौत के बाद मां अपने इकलौते बेटे के सहारे जीवन बिता रही थीं, लेकिन इस हादसे ने उनसे वह सहारा भी छीन लिया। अंश की असमय मौत से परिजनों, रिश्तेदारों और स्कूल परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज 

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post