शाहजहाँपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनीता श्रीवास्तव ने 27 जुलाई 2026 को मुरादाबाद-शाहजहाँपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैगुल नदी पर बने रेल पुल का जायजा लेने के साथ-साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रामपुर और शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान DRM ने बैगुल नदी रेल पुल की संरचनात्मक एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने रामपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर और गुड्स शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा अनधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही व्यापारियों और कर्मचारियों की सुविधाओं में सुधार पर भी जोर दिया।
शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन पर उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और पुस्तकालय का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरे किए जाएँ, ताकि यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) करन प्रीत सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला सहित अन्य रेलवे अधिकारी भी मौजूद रहे।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment