आजमगढ़ में 8 लोगों के 9 शस्त्र लाइसेंस निरस्त, डीएम की बड़ी कार्रवाई




संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 8 व्यक्तियों के कुल 9 शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। यह कार्रवाई संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों और पुलिस विभाग की संस्तुति के आधार पर की गई है।
निरस्त किए गए शस्त्र लाइसेंस धारकों में थाना अतरौलिया क्षेत्र के बृजेश उपाध्याय, थाना पवई के जयप्रकाश सिंह, थाना फूलपुर के अशहद उर्फ चुन्नू शेख, थाना गंभीरपुर के मोहम्मद आरिफ (दो शस्त्र लाइसेंस), थाना कोतवाली के मंजीत उर्फ रंजीत सिंह, थाना महाराजगंज के मोहम्मद फैसल तथा थाना निजामाबाद के जिलेदार यादव शामिल हैं।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। उनकी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस विभाग ने नियमानुसार शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भेजी थी। प्राप्त आख्या, उपलब्ध अभिलेखों और सभी तथ्यों का परीक्षण करने के बाद शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे किसी भी व्यक्ति को शस्त्र रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती, जिसकी गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हों या जिसके विरुद्ध गंभीर आपराधिक मामले लंबित हों।
उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रशासन निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगा, ताकि जनपद में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण कायम रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post