50 हजार का इनामी दोहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार




संवाददाता जाबिर शेख 


आजमगढ़, 21 जुलाई। पवई थाना पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 9/10 जुलाई 2026 की रात पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति और पारिवारिक विवाद के चलते संतोष यादव (33), निवासी ग्राम ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद तथा चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
सोमवार को थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की ओर से हेवती आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसने पैतृक जमीन के बंटवारे और आर्थिक विवाद के चलते अपने दादा और चचेरे भाई की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP45W7734) तथा ₹600 नकद बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ पवई थाने में पहले से दर्ज दोहरे हत्याकांड के मुकदमे के अलावा पुलिस पर फायरिंग और आयुध अधिनियम की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post