27 जुलाई को निकलेगी गो सम्मान आह्वान अभियान की प्रार्थना यात्रा




संवाददाता अमित तिवारी 

बलिया गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर चलाए जा रहे देशव्यापी गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां जनपद में पूरी कर ली गई हैं। अभियान के जिला प्रभारी राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि 27 जुलाई को भृगु आश्रम से प्रार्थना यात्रा निकालकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत गोहत्या पर केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा गो-आधारित राष्ट्रीय नीति लागू करने समेत 30 से अधिक मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। इन मांगों के समर्थन में पिछले छह माह से देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है।राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम चरण में 27 अप्रैल को पांच करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपा गया था। दूसरे चरण में 27 जुलाई को देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों वाला अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र सरकार को भेजा जाएगा। बलिया से करीब 21 हजार हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि सभी गोभक्त सोमवार सुबह 7:30 बजे तक भृगु मंदिर, भृगु आश्रम पहुंचेंगे। सुबह आठ बजे गोपूजन, शंखनाद एवं "श्रीराम जय राम जय जय राम" विजय मंत्र के सामूहिक जप के बाद प्रार्थना यात्रा शुरू होगी। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता-बछड़े की झांकी, झंडे, बैनर और हस्ताक्षर अभियान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद संत-महात्माओं, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।अभियान की ओर से जिले के नागरिकों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। आयोजकों के अनुसार प्रार्थना यात्रा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न होगी, जिसमें बड़ी संख्या में संत, गोसेवक, किसान, मातृशक्ति, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post