संवाददाता सलीम शेख
आजमगढ़। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। भूमि की पैमाइश कराने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, तरवां क्षेत्र के काश्तकार धर्मेंद्र शर्मा उर्फ बबलू ने एंटी करप्शन थाना, आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि लालगंज तहसील में तैनात लेखपाल संतलाल गौतम भूमि की पैमाइश कराने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर एंटी करप्शन टीम ने दो स्वतंत्र सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप की योजना बनाई।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे शिकायतकर्ता ने आरोपी लेखपाल को तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर बुलाया और तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम सौंपी। जैसे ही लेखपाल ने रुपये अपने हाथ में लिए, पहले से सादी वर्दी में मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500-500 रुपये के 20 नोट, कुल 10 हजार रुपये बरामद किए गए। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक आनंद वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार लेखपाल संतलाल गौतम लालगंज तहसील में तैनात है तथा उसका कार्यक्षेत्र तरवां हल्का है।
आरोपी के विरुद्ध मेहनाजपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment