कैसरगंज में आधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण की मांग, केंद्रीय खेल मंत्री से मिले सांसद करण भूषण सिंह



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद करण भूषण सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान सांसद ने कैसरगंज में एक आधुनिक एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है, लेकिन पर्याप्त संसाधनों और प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में उन्हें आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से खेल अवसंरचना के विकास हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने सांसद की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया तथा खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक में 6 से 8 जून तक गोंडा में आयोजित होने वाली अंडर-17 ओपन नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सांसद ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए बेहतर आवास, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने पर बल दिया।
सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से कैसरगंज क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post