पल्लवी शुक्ला ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए नगिना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत विभिन्न समाजों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की





संवाददाता: अंकित कुमार शर्मा


गोंडा जिले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद एक यूट्यूबर पल्लवी शुक्ला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पल्लवी शुक्ला ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए नगिना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत विभिन्न समाजों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के बौनापुर गांव से जुड़ा हुआ है। कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक शेफनाथ पांडेय की तहरीर पर पल्लवी शुक्ला के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
आरोप है कि इंटरव्यू के दौरान पल्लवी शुक्ला ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि चंद्रशेखर आजाद को जूते-चप्पलों से मारने की धमकी भी दी। साथ ही वीडियो में अनुसूचित जाति, यादव समाज और मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भीम आर्मी, मुस्लिम समाज, अनुसूचित जाति समाज और यादव समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर पर कराई जा रही है। कोतवाली प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी समाज की भावनाओं को आहत नहीं होने दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post