संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। शहर के चर्चित निजी चिकित्सा संस्थानों में शामिल विजय सुपर स्पेशलिस्ट हड्डी अस्पताल, लछिरामपुर में बुधवार को एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत पाउस गांव निवासी 22 वर्षीय गोलू यादव पुत्र रामसमुझ यादव बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 301 के पास एक ट्रक के पहिए में फंसी गिट्टी निकाल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे लछिरामपुर स्थित विजय सुपर स्पेशलिस्ट हड्डी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुबह से इलाज चल रहा था और लगभग 10 बजे तक मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल स्टाफ ने खून की कमी बताते हुए तत्काल रक्त की व्यवस्था करने को कहा। परिजन रक्त की व्यवस्था में जुट गए, लेकिन कुछ ही देर बाद अस्पताल प्रशासन ने युवक की मौत की सूचना दे दी।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के नाम पर डेढ़ लाख रुपये से अधिक जमा कराए गए, इसके बावजूद मरीज को समुचित उपचार नहीं मिला। उनका यह भी कहना है कि युवक की मौत होने के काफी समय बाद उन्हें इसकी जानकारी दी गई। आरोप है कि विरोध जताने पर अस्पताल कर्मियों द्वारा उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि "जो जांच करानी हो करा लो।"
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे तथा अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान भी इस अस्पताल को लेकर विभिन्न प्रकार की शिकायतें और आरोप सामने आते रहे हैं, जिनकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी होती रही है। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
Post a Comment