संवाददाता अमित तिवारी
आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, जबरन गर्भपात कराने और आग लगाकर जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में मुबारकपुर पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शादी 5 मई 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज से फरमान अहमद निवासी कटरा, मुबारकपुर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति फरमान अहमद और सास जाहेदा खातून दहेज में तीन लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा उसके गहने और उपहार भी छीन लिए गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर पति और सास ने मिलकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद फरवरी 2026 में फिर दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से आग लगा दी गई।
घटना के बाद उपचार कराने और स्वास्थ्य में सुधार होने पर पीड़िता ने मुबारकपुर थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 209/2026 के तहत विभिन्न गंभीर धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिलाओं से जुड़े अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति मुहम्मद फरमान और सास जाहेदा खातून को रोडवेज स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मुबारकपुर पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा और दहेज अपराधों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment