पोखरे में डूबने से 13 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों में मचा कोहराम




संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर 

सरायमीर, आजमगढ़। थाना सरायमीर क्षेत्र के ग्राम खानकाह निवासी 13 वर्षीय किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कराकर किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खानकाह निवासी गुल्लू राम के 13 वर्षीय पुत्र आदर्श मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे अपने गांव के कुछ साथियों के साथ थाना निजामाबाद क्षेत्र के निकामुद्दीनपुर गांव के पास स्थित पोखरे में नहाने गया था। नहाते समय अचानक आदर्श गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने किसी तरह उसे पोखरे से बाहर निकाला और घटना की सूचना उसके पिता को फोन पर दी।
साथियों ने परिजनों को बताया कि आदर्श पोखरे में डूब गया है और उसे उपचार के लिए सरायमीर अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आदर्श के पिता गुल्लू राम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सरायमीर के खरेवां मोड़ स्थित अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आदर्श को मृत घोषित कर दिया।
13 वर्षीय बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आदर्श दो भाइयों और एक बहन में था तथा कक्षा पांच का छात्र बताया गया है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार की ओर से गांव के ग्राम प्रधान और अन्य सम्मानित ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कराया गया। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में आदर्श का अंतिम संस्कार कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post