बहन को भगाकर शादी करने के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो पर मुकदमा दर्ज





वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी आजाद सिंह (30) की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर आरोपी संदीप सिंह और सुरेश विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद सिंह प्राइवेट कार्य करते थे और अपनी पत्नी पिंकी सिंह तथा चार माह की पुत्री अनामिका के साथ नवाबगंज मंडी के पास किराये के मकान में रहते थे। बताया गया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आजाद ने अपने दोस्त और रिश्ते में चाचा लगने वाले संदीप सिंह की सौतेली बहन पिंकी सिंह को भगाकर शादी कर ली थी। इस घटना के बाद गांव में पंचायत होने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया था।
मृतक की पत्नी पिंकी सिंह के अनुसार, शनिवार शाम गांव निवासी सुरेश विश्वकर्मा आजाद को घर से बुलाकर ले गए थे। बाद में उन्हें पति की हत्या की सूचना मिली।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात आजाद अपने साथी सुरेश विश्वकर्मा के साथ चिलमपुर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान वहां संदीप सिंह पहुंच गया और बहन को भगाकर शादी करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संदीप सिंह ने आजाद के गले पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय निवासी घनश्याम पांडेय ने बताया कि उनके घर के सामने एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा मिला, जिसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतक की मां की तहरीर पर संदीप सिंह और सुरेश विश्वकर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।


संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post