मासूम की मौत के मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शिवम क्लिनिक सील




जौनपुर, केराकत क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित शिवम क्लिनिक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद उपजिलाधिकारी केराकत सुनील कुमार भारती के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने क्लिनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने एहतियातन क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना मानकों के संचालित चिकित्सा संस्थानों तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post