CNG लीक से चलती कार में लगी आग, चालक की सूझबूझ से परिवार के 7 लोग बाल-बाल बचे, अयोध्या से लौट रहे थे परिवार के साथ




संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा जिले में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सीएनजी लीक होने के कारण एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार एक ही परिवार के सात लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
यह घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोंडा-अयोध्या-नवाबगंज मार्ग पर जंग बहादुर लाल बनवारी लाल स्कूल, रीवा के सामने शाम करीब 5:30 बजे हुई। इटियाथोक निवासी शाहिद अली अपने परिवार के साथ अयोध्या से घर लौट रहे थे। तभी उनकी रेनॉल्ट ट्राइबर आरएक्सटी कार के इंजन से धुआं उठने लगा।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया और उसमें सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में कार ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी।
घटना के बाद गोंडा-अयोध्या-नवाबगंज मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि समय रहते सभी लोग कार से बाहर निकल आए थे, इसलिए इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post