संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा-अयोध्या मार्ग पर कटरा शिवदयालगंज के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुआ जब नवाबगंज की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और स्थानीय लोगों के पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर आदर्श श्रीवास्तव (35 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार, निवासी ग्राम दर्जी, थाना खरगूपुर के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Post a Comment