ठाणे: ठाणे के प्रसिद्ध Jupiter Hospital के बाहर एक बुजुर्ग नागरिक के साथ हुई मारपीट की घटना ने पूरे शहर में आक्रोश पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी कैब चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि मामले में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री Eknath Shinde ने सख्त रुख अपनाते हुए हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम अस्पताल के बाहर एक मामूली विवाद को लेकर बुजुर्ग व्यक्ति और एक कैब चालक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए चालक ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।
घटना के समय उनके साथ मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी चालक ने किसी की नहीं सुनी और कथित तौर पर मारपीट जारी रखी। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न स्तरों पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। बाद में आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
इस बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment