कलवा में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार: 3 करोड़ से अधिक की चरस और लाखों ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार




ठाणे पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई, पहले से दो बार सजा काट चुके आरोपी समेत दो तस्कर दबोचे गए।
ठाणे: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठाणे पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (गुन्हे शाखा) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3 करोड़ 3 लाख 66 हजार 294 रुपये मूल्य की 3 किलो 20 ग्राम चरस तथा 12 लाख 458 ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कलवा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने जाल बिछाकर छापेमारी की और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में चरस और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और दो बार सजा काट चुका है। इसके बावजूद वह फिर से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय पाया गया।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए ट्रामाडोल कैप्सूल का इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है और इसकी अवैध तस्करी का नेटवर्क काफी व्यापक हो सकता है। इसी कारण मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद माल कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। 


संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post