संवाददाता जाबिर शेख
लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे पर जिओ पेट्रोल पंप के समीप उस समय हुआ, जब तीनों लोग एक निमंत्रण समारोह से लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मनोज सोनकर (36 वर्ष) पुत्र मिठाई लाल निवासी सिविल लाइन वार्ड नंबर-11, लालगंज, इंडियन गैस गोदाम में गोदाम इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को वह अपने दो साथियों नागेंद्र यादव (38 वर्ष) पुत्र बाबूलाल यादव निवासी कटघर, लालगंज तथा धर्मेंद्र सोनकर निवासी चंदवक के साथ गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उबारपुर गांव में एक मित्र के यहां निमंत्रण में गए थे।
देर रात वापस लौटते समय जिओ पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद तीनों सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़े रहे। रात का समय और सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। घंटों बाद एक राहगीर ने उन्हें देखा और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस की मदद से घायलों को सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनोज सोनकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मनोज सोनकर अपने पीछे पत्नी माधुरी, सात वर्षीय पुत्र कार्तिक तथा वृद्ध मां चंपा देवी को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
Post a Comment