अयोध्या। कथावाचक पवन देव महाराज के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आभूषण हड़पने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। बिहार की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि उसकी मुलाकात कथावाचक पवन देव महाराज से बिहार स्थित उसके ससुराल में आयोजित एक धार्मिक कथा कार्यक्रम के दौरान हुई थी। महिला के अनुसार, परिचय के बाद कथावाचक ने उसे अयोध्या में राम मंदिर के वीआईपी दर्शन कराने का आश्वासन दिया और दोनों के बीच संपर्क बढ़ा।
महिला का आरोप है कि वह अपने पुत्र के साथ अयोध्या स्थित कथावाचक के आवास पर रुकी थी, जहां कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कथावाचक ने शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीता तथा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के गहने भी हड़प लिए।
पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। मामले में अभी आरोप सिद्ध होना शेष है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment