1.65 लाख के इनामी कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू एसटीएफ मुठभेड़ में ढेर



संवाददाता जाबिर शेख 

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ प्रयागराज यूनिट और 1.65 लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू के बीच हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ प्रयागराज यूनिट को सूचना मिली थी कि भानु प्रताप सिंह अयोध्या क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक जे.पी. राय के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अपराधी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान भी चलाया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू प्रदेश का एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, डकैती सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के लगभग 40 मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और कई जिलों की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
उस पर आजमगढ़ पुलिस द्वारा एक लाख रुपये, अंबेडकरनगर पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये तथा गोरखपुर पुलिस द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस प्रकार उसके ऊपर कुल 1.65 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
भानु प्रताप सिंह गोरखपुर जनपद के बेलघाट थाना क्षेत्र स्थित विखानपुर गांव का निवासी था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके मारे जाने से कई गंभीर मामलों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है तथा अपराध जगत को बड़ा झटका लगा है।
प्रदेश में अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत एसटीएफ की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है

Post a Comment

Previous Post Next Post