चंदौली पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 शातिर गिरफ्तार




चंदौली। जनपद चंदौली की सदर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी चंदौली और बिहार के कैमूर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनसे वाहन चोरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
जांच में सामने आया कि गिरोह अस्पतालों, कचहरियों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाता था। वाहन चोरी करने के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल देते थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था।
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें चंदौली, सैयदराजा और सकलडीहा क्षेत्र से चोरी की गई थीं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की गई बाइकों को बिहार के शराब तस्करों को बेच दिया जाता था, जिससे गिरोह को अच्छा आर्थिक लाभ मिलता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मझवार रेलवे स्टेशन क्षेत्र से भी एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वाहन चोरी के पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
एसपी आकाश पटेल ने पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
चंदौली पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस सफलता की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताया है।

संवाददाता  नीरज कुमार

Post a Comment

Previous Post Next Post