मुंबई महानगरपालिका में महिला सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। महानगरपालिका की एक महिला कर्मचारी ने विभाग के ही एक क्लास वन अधिकारी पर लगातार पीछा करने, मानसिक रूप से परेशान करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में डर और चिंता का माहौल बताया जा रहा है।
पीड़ित महिला कर्मचारी की शिकायत पर आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारी लगातार उसका पीछा कर रहा था और मानसिक दबाव बनाकर उसे परेशान किया जा रहा था। महिला ने यह भी दावा किया कि उसे डराने-धमकाने की कोशिश की गई, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई।
सूत्रों के अनुसार, मामला सामने आने के बाद महानगरपालिका कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। महिला कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मान को लेकर चिंता जताई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
फिलहाल आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत, सबूत और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न से जुड़े इस मामले ने एक बार फिर सरकारी विभागों में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक शिकायत प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संवाददाता जावेद शेख
Post a Comment