साउथ मुंबई में गहराया पानी संकट, सुबह से सड़कों पर उतरे लोग।कई इलाकों में नहीं आया पानी, कहीं बेहद कम सप्लाई से बढ़ी परेशानी




मुंबई: साउथ मुंबई के कई इलाकों में आज पानी की भारी किल्लत देखने को मिली। सुबह से ही लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर पानी का इंतज़ार करते नजर आए। कई जगहों पर पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रही, जबकि कुछ इलाकों में बेहद कम मात्रा में पानी आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भायखला, नागपाड़ा, डोंगरी, मदनपुरा, मरीन लाइंस, मलाबार हिल और आसपास के इलाकों में नागरिक हाथों में बाल्टी और डिब्बे लेकर पानी भरने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि सुबह से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का तुरंत समाधान नहीं हो सका। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोगों ने @mybmc को टैग कर पानी संकट पर नाराजगी जाहिर की।
इस मुद्दे पर विधायक अमीन पटेल ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने बीएमसी अधिकारियों से तत्काल स्थिति सुधारने और प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पानी सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की।
अमीन पटेल ने कहा कि जहां जरूरत होगी वहां टैंकर की व्यवस्था कर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पाइपलाइन और सप्लाई व्यवस्था की जांच कर जल्द स्थायी समाधान निकालने के निर्देश देने की बात कही।

 संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post