कांजुरमार्ग में दिल दहला देने वाली घटना: पालने में छोड़ गया कोई अपना, 8 दिन का मासूम मिला लावारिस




मुंबई: आर्थिक राजधानी मुंबई के कांजुरमार्ग इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। कांजुरमार्ग पूर्व स्थित वात्सल्य ट्रस्ट के गेट के सामने बने पालने में करीब 8 दिन का एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिला। मासूम को सफेद रंग की टी-शर्ट पहनाकर सफेद और लाल रंग के कपड़े में लपेटकर पालने में छोड़ दिया गया था।
जानकारी के अनुसार यह घटना 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे से 9:10 बजे के बीच की है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात को पालने में रखकर वहां से चुपचाप फरार हो गया। कुछ देर बाद ट्रस्ट के कर्मचारियों की नजर बच्चे पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कांजुरमार्ग पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक जांच में बच्चे के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। बच्चे की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई है और उसकी देखभाल की जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 93 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा बच्चे को छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक निवास खोत कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर समाज में नवजात बच्चों को छोड़ने जैसी घटनाओं पर चिंता बढ़ा दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि मासूम को सुरक्षित और बेहतर भविष्य मिलेगा तथा दोषी व्यक्ति जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। 


संवाददाता जावेद शेख

Post a Comment

Previous Post Next Post