गाजीपुर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में शुक्रवार रात अपराधियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। शहर के चर्चित होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की होटल के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। वारदात इतनी सुनियोजित थी कि बदमाश पहले बियर खरीदने के बहाने होटल पहुंचे और फिर मौके की तलाश कर विनीत राय को निशाना बना दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश होटल बिंदु के गेट पर पहुंचे। उन्होंने गार्ड शंभू से 16 बियर की मांग की। पेमेंट को लेकर बहस शुरू हुई और इसी दौरान विनीत राय होटल से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर बढ़ने लगे। तभी बदमाशों ने अचानक पिस्टल निकाल ली और उन्हें घेर लिया।
जान बचाने के लिए भागे, लेकिन नहीं बच सके
हमलावरों को देखकर विनीत राय भागने लगे, लेकिन बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली उनके हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने पीछा करते हुए कमर में गोली मारी। जब विनीत घायल होकर लड़खड़ाए तो हमलावरों ने बेहद करीब से उनके सीने में दो गोलियां दाग दीं। मौके पर ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने चश्मदीद गार्ड शंभू को भी दौड़ाया। गार्ड किसी तरह होटल के अंदर भागकर पहुंचा और चैनल गेट बंद कर अपनी जान बचाई।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विनीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।
पिता का बड़ा आरोप शंकर पांडे गैंग ने की हत्या
मृतक के पिता एवं होटल कारोबारी आलोक राय ने आरोप लगाया कि कुख्यात अपराधी शंकर पांडे और उसके 4-5 साथियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी उनसे रंगदारी मांगी गई थी और पैसे न देने पर होटल में तोड़फोड़ की गई थी। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, डीजीपी और स्थानीय पुलिस अधिकारियों तक की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
आलोक राय ने कहा कि वह हर वर्ष करोड़ों रुपये का टैक्स देते हैं, इसके बावजूद उनका परिवार सुरक्षित नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है।
कटरा गैंग' के निशाने पर था कारोबारी परिवार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शंकर पांडे इलाके में सक्रिय 'कटरा गैंग' का सरगना बताया जाता है। यह गिरोह रंगदारी, अवैध वसूली और दबंगई जैसी गतिविधियों के लिए कुख्यात माना जाता है। बताया जा रहा है कि गैंग का नेटवर्क सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संचालित होता है, जहां वारदातों की योजना बनाई जाती है।
पुलिस अलर्ट आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही एडीजी पीयूष मोर्डिया समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने गाजीपुर में कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कारोबारी वर्ग में भारी आक्रोश है और लोग अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मिडिया रिपोर्ट ए के सिंह.
Post a Comment