संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़ थाना अतरौलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी चिकित्सक बनकर मरीजों का इलाज करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित कर लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी खुद को मान्यता प्राप्त डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज करता था। इसी दौरान एक महिला का D&C ऑपरेशन करते समय गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे उसकी आंत क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी जान खतरे में पड़ गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी चिकित्सकीय डिग्री का उपयोग कर रहा था।
शुक्रवार को उप निरीक्षक देवीशंकर पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर पीजीआई तिराहा, अतरौलिया से आरोपी मुकेश यादव (37) निवासी बसहिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही, अवैध चिकित्सा गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
Post a Comment