शाहजहांपुर। शहर के रोज़ा अड्डा क्षेत्र स्थित एक ब्यूटी पार्लर से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्लर में आने वाली युवतियों को निशाना बनाकर पार्लर स्वामिनी का भाई उन्हें अपने जाल में फंसाता है और बाद में उनकी निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करता है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले पार्लर में आने वाली युवतियों से दोस्ती बढ़ाता है। बातचीत और भरोसा कायम करने के बाद वह किसी बहाने से उनकी निजी तस्वीरें या वीडियो हासिल कर लेता है। इसके बाद शुरू होता है ब्लैकमेल का सिलसिला। युवतियों को तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे की मांग की जाती है।
सूत्रों के अनुसार कुछ पीड़ित युवतियां बदनामी के डर से सामने नहीं आ पा रही हैं। हालांकि मामला अब धीरे-धीरे चर्चा में आने लगा है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर अपराध है और पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment