उत्तर प्रदेश गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, अमेठी निवासी 35 वर्षीय सुशील पांडेय अपने 22 वर्षीय साले सचिन मिश्रा के साथ अयोध्या जा रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए छुट्टा जानवर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सुशील पांडेय को मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन मिश्रा की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। सुशील पांडेय अपने पीछे पत्नी, पिता और भाइयों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे छुट्टा जानवरों के बढ़ते खतरे को उजागर करता है, जो आए दिन ऐसी दर्दनाक घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
प्रहारी मुम्बई न्यूज यूपी।
पत्रकार अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment