मुंबई : आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन ने चर्चगेट इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते इस गंभीर मामले का तेजी से खुलासा संभव हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5:04 बजे चर्चगेट स्टेशन के पास स्थित बस डिपो क्षेत्र में टाटा गार्डन के अंदर राहुल पंजवानी उर्फ "पंजाबी" (उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष) नामक व्यक्ति की अज्ञात आरोपी द्वारा पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के पीछे का कारण प्रारंभिक तौर पर स्पष्ट नहीं था।
इस मामले में आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन में दिनांक 04/04/2026 को भारतीय दंड संहिता की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का दौरा किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स तथा सरकारी पंचों की सहायता से मौके से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। साथ ही अपराध के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष जांच टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गवाहों के आधार पर आरोपी आनंद पांडुरंग जाधव (उम्र 52 वर्ष), निवासी पी.डी. मेलो रोड, फोर्ट, मुंबई-400001 की पहचान की। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस हिरासत मंजूर कर ली गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
मुंबई पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है, जिससे शहर में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment