कचहरी रोड पर ट्रैफिक सुधार को प्रशासन सख्त, सत्संग कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज





शाहजहांपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और 14-15 अप्रैल को प्रस्तावित संत राजिंदर सिंह महाराज के सत्संग कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कचहरी रोड पर व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शनिवार को एडीएम रजनीश कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात संजय कुमार सिंह, टीएसआई विनय कुमार पांडेय और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से कचहरी रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक बाधाओं को चिन्हित कर उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कचहरी रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सख्ती बरती जाएगी। साथ ही सत्संग कार्यक्रम के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post