शाहजहाँपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप हैं।पुलिस के मुताबिक, 9 मार्च 2026 को एक महिला ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि अभय कुमार राठौर और उसके साथियों ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उन्होंने पीड़िता की आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, रंगदारी मांगने और लगातार पीछा कर जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 91/26 के तहत बीएनएस, एससी/एसटी एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
बस अड्डे से गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने बस अड्डे के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अभय कुमार राठौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment