संवाददाता अजय सिंह
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में मंगलावर को बेड पर मरीज की बगल में शव रख दिया गया। शव को बेड पर लिटाए जाने को लेकर मरीज व परिजनों ने नाराजगी जताई। करीब आधे घंटे तक शव रखा रहा। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल भी उठने लगे हैं। मेडिकल कॉलेज में पुराने ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य के चलते नए भवन में ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था की गई है। वायरल हो रहे वीडियो में बेड पर मरीज बैठा हुआ दिख रहा है। बगल में शव रखा हुआ है। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक शव रखा रहा। इसको लेकर मरीजों ने नाराजगी जताई। इसके बाद शव को हटा दिया गया। लोगों का कहना था कि शव को स्ट्रेचर पर रखना चाहिए था। दूसरी ओर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बेड पर मरीज पहले से बैठा था। तभी लखीमपुर से एक मरीज को गंभीर हालत में वार्ड में लाया गया था। सारे बेड भरे होने के कारण नजदीक में बेड पर लखीमपुर के मरीज को लिटा दिया गया। मरीज का तत्काल इलाज किया गया। मृत्यु की पुष्टि होने पर शव को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।
Post a Comment