शाहजहांपुर। जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक प्रेमी युगल प्रकरण में विवेचक द्वारा युवती के बयान में कथित हेरफेर का मामला सामने आने के बाद संबंधित दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवती अपने 24 वर्षीय प्रेमी के साथ अपनी मर्जी से राजस्थान चली गई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था। इस दौरान युवती ने अपने बयान में स्पष्ट कहा था कि वह अपनी इच्छा से गई थी, लेकिन आरोप है कि विवेचक ने लिखित बयान में मर्जी से गई के स्थान पर मर्जी नहीं थी दर्ज कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक को जेल भेजने के उद्देश्य से ऐसा किया गया। मामले में उस समय नया मोड़ आया जब कोर्ट में पेश की गई वीडियो ग्राफी में युवती के वास्तविक बयान सामने आ गए। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने संबंधित विवेचक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस घटना के बाद पुलिस की विवेचना प्रक्रिया और कार्यशैली पर एक बार फिर प्रश्नचिह्न लग गया है।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment