9 जनसेवा केंद्रों की CSC ID सस्पेंड:फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही पर प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई




शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने 'फार्मर रजिस्ट्री' योजना के तहत कार्य में लापरवाही बरतने पर नौ जनसेवा केंद्रों (सीएससी) की आईडी निलंबित करने का निर्देश दिया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और उनकी टीम के निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई शासन की 'फार्मर रजिस्ट्री' योजना के तहत की गई है, जिसका लक्ष्य 30 अप्रैल 2026 तक जनपद में किसानों का पंजीकरण पूरा करना है। इस कार्य में पंचायत सहायक, लेखपाल, कोटेदार, ग्राम प्रधान, सीएससी-वीएलई और कृषि विभाग के कर्मचारी लगाए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ सीएससी केंद्रों द्वारा कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा था। जबकि जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा इस संबंध में पहले भी कई बार लिखित और मौखिक निर्देश दिए जा चुके थे।

लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी

जांच में जिन नौ केंद्रों पर कार्य में शिथिलता पाई गई, उनमें अखिलेश कुमार जन सेवा केंद्र (पीरगंज, अल्लाहगंज), तस्लीम जन सेवा केंद्र (अल्लाहगंज), राहुल जन सेवा केंद्र (ठीकरी), राहुल जन सेवा केंद्र (कुटरा), रमेश चन्द्र जन सेवा केंद्र (सीसोरी), आशु आधार संशोधन जन सेवा केंद्र (जेवा रोड लखपेड़ा, पोवाया), बालाजी जन सेवा केंद्र (निगोही रोड, पुवायां ), प्रमोद जन सेवा केंद्र (काशीराम नगर, पुवायां) और राजीव कुमार जन सेवा केंद्र (ग्राम मिलकीय, निगोही, तिलहर) शामिल हैं।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने जिला प्रबंधक सीएससी को इन केंद्रों की सीएससी आईडी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई शासन की योजना में अपेक्षित सहयोग न करने के कारण की गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित केंद्र संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी

अजय सिंह की  रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post