शाहजहाँपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र में एक सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित मुकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि ग्राम लघौला में सफाई कार्य के दौरान उन पर हमला किया गया।
मुकेश कुमार के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल 2026 को हुई जब वह नाली की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान बी.पी. सिंह नामक व्यक्ति ने उनके काम में बाधा डाली और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब मुकेश कुमार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनसे मारपीट की।
मारपीट के बाद आरोपी ने सफाई कर्मचारी की कूड़ा ठेली को कुल्हाड़ी से क्षतिग्रस्त कर पलट दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था। मुकेश कुमार ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया था।
पीड़ित ने यह भी बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके साथ पहले भी कई बार मारपीट और दुर्व्यवहार किया जा चुका है। इस संबंध में उन्होंने निगोही पुलिस और जिला पंचायत राज अधिकारी को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस घटना के बाद मुकेश कुमार ने शाहजहाँपुर के पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कप्तान सौरभ दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर
Post a Comment