महिला को बाल खींचकर पीटा, ईंट से हमला वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

जनपद गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नरवा तिराहे पर हुई, जहां एक महिला को बीच सड़क पर बाल खींचकर गिराया गया और ईंट से पीटा गया। शाम होते-होते इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला सड़क पर बैठी है, तभी दूसरी महिला उसके बाल खींचकर मारपीट करने लगती है। इसी दौरान एक युवती भी मौके पर पहुंचकर ईंट से हमला करती दिखाई देती है। बीच-बचाव के लिए आए एक युवक को भी धक्का देकर हटाने की कोशिश की गई।
बताया जा रहा है कि पीड़िता इंद्रा देवी अपनी बेटी की शादी का सामान खरीदने नरवा तिराहे आई थीं। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला और उसकी बेटी ने उन पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना खड़ौआ गांव से जुड़ी बताई जा रही है। मारपीट के दौरान आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
कोल्हमपुर चौकी प्रभारी उपेश प्रताप सिंह ने बताया कि महिलाओं के बीच मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता इंद्रा देवी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post