8 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, सड़क जाम के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज




 रिपोर्ट: पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

गोंडा  तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 8 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, सड़क जाम के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज
Gonda के लालापुर बालापुर जाट इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार ने ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 8 वर्षीय बच्ची शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सुनील सिंह अपनी बेटी शिवानी, 2 साल के बेटे अनुप और 4 साल की भतीजी नैन्सी के साथ ई-रिक्शा से बाजार कपड़े खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान तिवारी पुरवा के पास गोंडा-लखनऊ मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवानी का सिर ई-रिक्शा के लोहे के एंगल से टकरा गया और वह सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद कार चालक भागने की कोशिश में बच्ची को रौंदते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनुप और नैन्सी घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने करीब 100 मीटर तक पीछा कर कार को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कुछ प्रदर्शनकारियों के उग्र होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
करीब डेढ़ घंटे चले हंगामे के बाद जाम खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मृतका के पिता सुनील सिंह ने बताया कि परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post