हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर भाई-बहन झुलसे, हालत गंभीर




गोंडा। जिले के परेटा ग्राम पंचायत के चिंता पुरवा गांव में गुरुवार रात करीब 8 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जहां हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सगे भाई-बहन गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घायल बच्चों की पहचान 10 वर्षीय आदर्श और 7 वर्षीय आकांक्षा के रूप में हुई है, जो अजित कुमार तिवारी के बच्चे हैं। दोनों को तत्काल परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों का इलाज वहीं चल रहा है।
बताया जा रहा है कि अजित कुमार तिवारी के घर की छत के ऊपर से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। घटना के समय दोनों बच्चे छत पर खेल रहे थे, तभी अचानक वे लाइन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
परिवार के सदस्य जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि छत पर पिलर की सरिया निकली हुई थी, जिसमें करंट प्रवाहित लाइन का संपर्क हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को जल्द हटाया जाए।
इस संबंध में गोंडा बिजली विभाग के मुख्य अभियंता से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।
गौरतलब है कि इससे पहले 10 अप्रैल को भी पथवलिया गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से 35 वर्षीय रणजीत तिवारी की मौत हो गई थी। इसके बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। 

        पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post