मुंबई के माटुंगा इलाके में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक उप अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में एफआईआर नंबर 09/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल भालचंद्र वाणी के रूप में हुई है, जो बीएमसी के एफ/नॉर्थ विभाग में स्टॉर्म वॉटर ड्रेन (वर्षा जल निकासी) विभाग में उप अभियंता के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता से जल निकासी की अनुमति देने के बदले पहले 10 लाख रुपये की मांग की थी, जो बाद में 2.50 लाख रुपये में तय हुई।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए 22 अप्रैल 2026 को एसीबी से संपर्क किया। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने के बाद 24 अप्रैल को जाल बिछाकर एसीबी टीम ने आरोपी को 2.50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की इस कार्रवाई से बीएमसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment