संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा। जनपद गोंडा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें भदोही में तैनात एक सिपाही समेत चार लोगों पर धोखाधड़ी और कूटरचना कर जमीन हड़पने का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि खरगूपुर थाना क्षेत्र के अचलापुर गांव के एक बुजुर्ग की जमीन कथित रूप से धोखे से अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भदोही में तैनात सिपाही दिनेश कुमार, उसके भाई हजारी प्रसाद, तथा अन्य दो लोगों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का दानपत्र अपने पक्ष में करवा लिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बुजुर्ग को बहला-फुसलाकर और धोखे से जमीन अपने भाई के नाम लिखवा दी गई। इस पूरे मामले में दो गवाहों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्होंने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय के आदेश पर कोतवाली नगर थाना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
Post a Comment