संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा जनपद के तरबगंज क्षेत्र में एक शादी उस समय टूट गई जब जयमाला से पहले दूल्हे को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पूरी बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार तरबगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी लखनऊ के चारबाग निवासी युवक से करीब छह महीने पहले तय की थी। वरक्षा की रस्म के बाद 7 मार्च को शादी की तारीख निर्धारित की गई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार रात करीब 8 बजे बारात गांव पहुंची, जहां बारातियों का स्वागत किया गया।
बताया जाता है कि करीब 10:30 बजे द्वारपूजा की रस्म के बाद दूल्हा घर के सामने कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया और वह कुर्सी से गिर पड़ा। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देख मौके पर मौजूद लोग उसे संभालने लगे।
घटना की जानकारी मिलने पर दुल्हन और उसके परिजनों में चिंता बढ़ गई। दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हे की बीमारी की जानकारी उनसे छिपाई गई थी। उनका कहना था कि यदि पहले से यह बात पता होती तो वह यह रिश्ता कभी तय नहीं करते।
वहीं वर पक्ष के लोगों का कहना था कि दूल्हे को कोई गंभीर बीमारी नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष तरबगंज थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने समझाने की कोशिश की। हालांकि दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही। बाद में आपसी सहमति से मामला शांत हो गया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
Post a Comment