संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं वहां मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार कोड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर कस्बे का निवासी जावेद अपनी मोटरसाइकिल से इंद्रा कुंवर इंटर कॉलेज इटियाथोक हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर बकठोरवा गन्ना क्रय केंद्र के पास उसकी बाइक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जावेद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों और डायल 112 पुलिस की मदद से उसे तुरंत सीएचसी इटियाथोक पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि जावेद राम कुमारी इंटर कॉलेज कोड़िया का छात्र था और यूपी बोर्ड हाईस्कूल की चित्रकला विषय की अंतिम परीक्षा देने जा रहा था। वह अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता कलीम अख्तर शटरिंग का काम करते हैं।
परिवार में इन दिनों शादी की तैयारियां चल रही थीं। जावेद की छोटी बहन शादिया की आज लगन आनी थी और 30 तारीख को शादी तय थी। लेकिन लगन आने से पहले ही जावेद की मौत की खबर से पूरे परिवार में मातम छा गया और शादी का कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है।
इटियाथोक थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि छात्र की बाइक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
Post a Comment