रिश्वत लेते मत्स्य निरीक्षक गिरफ्तार एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई



संवाददाता अजय सिंह 

शाहजहांपुर जनपद में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निरीक्षक पर मत्स्य जीवी सहकारी समिति के गठन के नाम पर घूस मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार थाना पुवायां क्षेत्र के निवासी राजेश कुमार ने बरेली की एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल समिति गठन के नाम पर उससे 10 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को टीम ने तिलहर तहसील के बाहर घेराबंदी की और योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित से रिश्वत दिलवाई। इशारा मिलते ही टीम ने आरोपी को मौके से ही रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उस समय हुई, जब तिलहर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन चल रहा था और डीएम-एसपी समेत अन्य अधिकारी जनता की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान तहसील के बाहर रिश्वत का लेन-देन कर रहा निरीक्षक टीम के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में थाना कटरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से विभागों में हड़कंप मच गया है। वहीं, आमजन में इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post