मुंबई पुलिस में बड़ा बदलाव: अब 12 नहीं 15 डीसीपी ज़ोन, 5 नए पुलिस स्टेशन भी बनेंगे – पुलिस कर्मियों का काम का बोझ होगा कम : सीपी देवेन भारती।


मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मुंबई पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। मुंबई पुलिस कमिश्नर Deven Bharti ने जानकारी दी है कि शहर में अब 12 की जगह 15 डीसीपी ज़ोन बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 5 नए पुलिस स्टेशनों की भी स्थापना की जाएगी।
सीपी देवेन भारती ने कहा कि मुंबई की बढ़ती आबादी, ट्रैफिक, अपराध और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। नए डीसीपी ज़ोन बनने से पुलिस प्रशासन अधिक प्रभावी तरीके से काम कर सकेगा और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों पर बढ़ता काम का बोझ भी कम होगा।
उन्होंने बताया कि कई पुलिस स्टेशनों में अधिकारियों और कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे जांच और कानून व्यवस्था दोनों प्रभावित होती हैं। नए ज़ोन और पुलिस स्टेशनों के जरिए मामलों की मॉनिटरिंग तेज होगी, रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।मुंबई पुलिस के इस फैसले को शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नए पुलिस स्टेशन बनने से उन इलाकों को राहत मिलेगी जहां तेजी से जनसंख्या बढ़ी है और मौजूदा पुलिस स्टेशनों पर मामलों का दबाव ज्यादा है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नए ढांचे से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। साथ ही बीट मार्शलिंग और स्थानीय निगरानी व्यवस्था भी मजबूत होगी।
मुंबई पुलिस के इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यह कदम मुंबई की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना सकता है। संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post